Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में स्काउट गाइड राज्य पुरस्कार पूर्वाभ्यास शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न

बालोद।भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बालोद के जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव और जिला आयुक्त योगदास साहू के निर्देशन में 30 अगस्त से 01 सितंबर तक सेंट कबीर पब्लिक स्कूल बालोद में राज्य पुरस्कार पूर्वाभ्यास जांच शिविर का भव्य आयोजन हुआ। तीन दिवसीय इस शिविर में जिले के 5 विकासखंडों से चयनित 52 स्काउट और 45 गाइड यानी कुल 97 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

शिविर की शुरुआत में जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) नेम सिंह साहू ने कहा कि राज्य पुरस्कार परीक्षा स्काउटिंग का सर्वोच्च गौरव है। इससे अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की क्षमता का विकास होता है।

शिविर में प्रवेश पाठ्यक्रम से लेकर राज्य पुरस्कार पाठ्यक्रम तक की सभी गतिविधियाँ कराई गईं। लिखित, मौखिक और प्रायोगिक परीक्षण के दौरान प्राथमिक चिकित्सा, गांठें और बांधने की तकनीक, पायनियरिंग, आपातकालीन प्रबंधन, ध्वज शिष्टाचार, मानचित्र अध्ययन और अनुमान लगाने जैसी विधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

मुख्य परीक्षक के रूप में मिलन सिन्हा और सीमा साहू ने पूरे शिविर में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। वहीं सहायक परीक्षक के रूप में अजय ठाकुर, चंद्रशेखर दिल्लीवार, योगेश नायक, मकसूदन यादव, लुकेश्वर साहू, तेजेंद्र साहू, तनुजा बंजारे, किरण और दीपा साहू ने विभिन्न विषयों पर मूल्यांकन किया।

समापन दिवस पर ओपन सेशन में जिला सचिव के.एल. गजेन्द्र ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उन्हें स्काउटिंग के आदर्शों पर दृढ़ रहने की प्रेरणा दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। गाइड विंग से शिविर संचालक प्रेमलता चंद्राकर ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में नेतृत्व, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा को और मजबूत करते हैं।

शिविर की सफलता में विकासखंड सचिव रूपेन्द्र सिंहा, छगन बंछोर, मनीराम साहू, सेवाराम प्रेमन, चंद्रशेखर दिल्लीवार, सेंट कबीर पब्लिक स्कूल की प्राचार्य अन्नपूर्णा शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति और विभिन्न विद्यालयों के प्रभारियों का योगदान सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!