बालोद, । कलेक्टर के आदेश की अवहेलना करने पर बालोद विकासखण्ड के ग्राम लाटाबोड़ स्थित केकेएस पेट्रोल पंप को प्रशासन ने सील कर दिया। जांच में पाया गया कि यहां बिना हेलमेट पहने दोपहिया चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा था।
दरअसल, 1 अगस्त 2025 को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी दिव्या उमेश मिश्रा ने सख्त आदेश जारी किया था कि किसी भी पेट्रोल पंप में बिना हेलमेट आए दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इसका मकसद सड़क हादसों और उनसे होने वाली जनहानि पर रोक लगाना है।
सोमवार को एसडीएम नूतन कुमार कंवर ने तहसीलदार आशुतोष शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा और खाद्य निरीक्षक सुधीर खेस के साथ पंप का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर कई ग्राहकों को बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जा रहा था।
अधिकारियों ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की पिछले ढाई घंटे की रिकॉर्डिंग भी देखी, जिसमें यह साफ हो गया कि लगातार बिना हेलमेट ग्राहकों को पेट्रोल दिया जा रहा था। इसके बाद तत्काल पंप को सील कर दिया गया।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसी कड़ी में राजस्व, पुलिस, खाद्य और अन्य विभाग पेट्रोल पंपों की लगातार जांच कर रहे हैं।




















