Skip to main content

प्रदेश रूचि

डौंडीलोहारा ब्लाक के इस गांव पहुंचा आयुष का कारवां, डॉक्टरों की टीम ने बांटी सेहत की सौगात

विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला संपन्न

बालोद। डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बोईरडीह में आयोजित आयुष स्वास्थ्य मेला लोगों के लिए संजीवनी साबित हुआ। एक ही मंच पर आयुर्वेद और नेत्र रोग विशेषज्ञों से सैकड़ों लोगों ने मुफ्त परामर्श और जांच का लाभ उठाया।

मेले में 376 मरीजों ने आयुर्वेदिक चिकित्सकों से और 66 मरीजों ने नेत्र विशेषज्ञ से इलाज संबंधी परामर्श लिया। गंभीर रूप से बीमार दो मरीजों के घर जाकर भी उपचार दिया गया। इसके अलावा 105 मरीजों का ब्लड शुगर, 50 का हीमोग्लोबिन और 15 का सिकलिंग टेस्ट किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि की पूजा से हुई। मुख्य अतिथि विवेक वैष्णव ने आयुर्वेद को जीवन शैली से जोड़ते हुए कहा कि “चिकित्सक सचमुच भगवान का रूप हैं।” ग्राम सरपंच अंकालू राम सहारे ने आयुष विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। विशेष अतिथि टुमन साहू और किशोरी लाल साहू ने लोगों से योग, आयुर्वेद और नशा–मुक्त जीवन अपनाने की अपील की, जबकि रमेश कुमार सोनवानी और उर्मिला साहू ने आयुर्वेद के फायदे और महिला स्वास्थ्य पर रोशनी डाली।

कैंप प्रभारी डॉ. अरुण छाजेड़ के मुताबिक मेले में डॉ. अशोक ठाकुर, डॉ. उदयभानु साहू, डॉ. गोपेश ठाकुर, डॉ. दामिनी सोना, डॉ. वैशाली देवांगन और नेत्र रोग सहायक अनिल सोनी समेत पूरी टीम ने सेवाएं दीं। फार्मेसिस्ट और अन्य स्टाफ ने भी सक्रिय सहयोग किया।

मेले का आकर्षण सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं रहा। यहां स्वास्थ्यवर्धक काढ़ा बांटा गया, रक्तदान शिविर आयोजित हुआ जिसमें 15 लोगों ने रक्तदान किया। खास बात यह रही कि रक्तदाताओं को सम्मान स्वरूप हेलमेट और प्रमाणपत्र भी दिए गए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी ने साबित किया कि लोग अब आयुर्वेद और वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों को लेकर गंभीर और उत्साहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!