रायपुर, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित उप अभियंता (सिविल) एवं उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा के दौरान एक हाईटेक नकल प्रकरण का खुलासा हुआ है। बिलासपुर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा स्थित परीक्षा केंद्र क्रमांक 1309 में एक परीक्षार्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से नकल करते हुए पकड़ा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्ष क्रमांक 07 में परीक्षा दे रही कु. अन्नु सूर्या, रोल नंबर 13091014, संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाई गई। तलाशी लेने पर उसके अंतःवस्त्रों में छिपाए गए हिडन कैमरा और माइक्रो स्पीकर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।
इतना ही नहीं, परीक्षा केंद्र परिसर के बाहर मौजूद एक अन्य महिला कु. अनुराधा बाई के पास से वॉकी-टॉकी, टैबलेट, ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह नकल का प्रयास एक संगठित तरीके से किया जा रहा था।
प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल नकल प्रकरण तैयार कर व्यापम को भेज दिया है। साथ ही, सरकंडा थाना पुलिस को सूचना देकर एफआईआर दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
व्यापम और जिला प्रशासन ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए “जीरो टॉलरेंस नीति” के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पाए जाने पर कठोरतम दंड सुनिश्चित किया जाएगा।




















