प्रदेश रूचि

जनता की आवाज़ बनकर सामने आए तोमन साहू, धुमका से जुंगेरा तक सड़क की मांग को लेकर सक्रिय

तोमन साहू की पहल: धुमका से जुंगेरा तक सड़क निर्माण के लिए उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

जिला पंचायत उपाध्यक्ष की जन सरोकारों के प्रति सजगता, ग्रामीणों को राहत दिलाने की दिशा में एक और कदम

बालोद, । जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन तोमन साहू ने एक बार फिर जन समस्याओं को लेकर सक्रिय पहल की है। बालोद जिले के ग्राम जुंगेरा से धुमका तक 5 किमी सड़क निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने आज राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से उनके रायपुर स्थित निवास में मुलाक़ात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि धुमका से 5 किमी दूर स्थित जुंगेरा गाँव तक सड़क नहीं बनी है, जबकि धुमका से अर्जुंदा मार्ग के बीच 21 किमी की सड़क तथा अर्जुंदा से जुंगेरा तक 22 किमी की सड़क पूर्व में स्वीकृत होकर बन चुकी है। लेकिन जुंगेरा से धुमका तक का यह अंतिम 5 किमी मार्ग अब भी अधूरा है, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस मार्ग से करीब 20 गाँवों के लोगों को रोजाना आना-जाना करना पड़ता है, लेकिन सड़क न होने के कारण वे बारिश और अन्य मौसमों में परेशान होते हैं। पीडब्ल्यूडी द्वारा 2.5 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई है, किंतु अभी तक प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिलने से कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है।

इस दौरान तोमन साहू के साथ मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू, युगल किशोर सिन्हा और हेमंत सिंह भी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने ज्ञापन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वस्त किया कि वे क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।

जन सरोकारों के लिए प्रतिबद्धता

तोमन साहू लंबे समय से जनहित के मुद्दों पर न केवल आवाज उठा रहे हैं, बल्कि ज़मीन पर उतरकर समाधान की दिशा में कार्य कर रहे हैं। स्कूल भवनों की मरम्मत, सड़कों की स्वीकृति, स्वास्थ्य सुविधाओं की माँग से लेकर किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने में वे लगातार सक्रिय हैं।

उनकी यही सक्रियता उन्हें आम जनता के बीच एक जनप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित करती है, जो बिना राजनीतिक दिखावे के वास्तविक समस्याओं को सुनता है, समझता है और समाधान की दिशा में ठोस पहल करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!