बालोद।जिला चिकित्सालय परिसर से गुमटी और ठेला हटाने के नगर पालिका के नोटिस का स्थानीय फुटकर व्यापारियों ने विरोध किया है। व्यापारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनचौपाल में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और दुकान हटाने से पहले उनका पक्ष सुने जाने की मांग की।
दरअसल, नेशनल हाईवे 930 स्थित जिला अस्पताल परिसर में लंबे समय से गुमटी और ठेला लगाकर छोटे व्यापारी व्यवसाय कर रहे हैं। नगर पालिका द्वारा तीन दिवस के भीतर दुकानें हटाने का नोटिस जारी किया गया है, जिससे नाराज होकर फुटकर व्यापारी प्रशासन के समक्ष अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे।
व्यापारियों का कहना है कि वे वर्षों से यहां पर व्यवसाय कर रहे हैं और गुमटी व ठेले पर आधारित इस छोटे कारोबार से ही अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। इनमें से कई व्यापारियों ने बैंक से लोन लेकर दुकानें स्थापित की हैं, जिसे वे अपनी आय से चुका रहे हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकान हटाने का नोटिस देना अनुचित है।
फुटकर व्यापारी ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि वे पिछले 10–12 वर्षों से जिला अस्पताल परिसर में दुकान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका की ओर से दो बार दुकानें हटाने का नोटिस भेजा गया है, जबकि हाल ही में अखबारों के माध्यम से उन्हें यह जानकारी मिली कि जीवन दीप समिति द्वारा दुकानों को हटाने का प्रस्ताव दिया गया है।
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि कोई भी निर्णय लेने से पूर्व दुकानदारों की बात अवश्य सुनी जाए और उन्हें उचित स्थान या समाधान उपलब्ध कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में ओमप्रकाश सोनी, चंद्रकुमार, राजेंद्र यादव, कुलेश्वर साहू, मनीष, धनश्याम सहित कई अन्य फुटकर व्यापारी शामिल रहे।
ये खबर भी पढ़े👇👇👇👇⬇️⬇️⬇️
कलेक्टर का एक्शन मोड: अस्पताल के गेट से हटेगा अतिक्रमण, मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं




















