प्रदेश रूचि

कलेक्टर का एक्शन मोड: अस्पताल के गेट से हटेगा अतिक्रमण, मरीजों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

जिला अस्पताल बालोद की जीवन दीप समिति की बैठक संपन्न, अस्पताल गेट से हटेगी अवैध गुमटियां और बनेगा नया कैंटीन

बालोद, ।जिला अस्पताल बालोद की जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी बैठक कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अस्पताल परिसर में मरीजों और परिजनों के लिए कैंटीन निर्माण का निर्णय लिया गया, साथ ही मुख्य गेट के सामने स्थापित अवैध गुमटी, होटल और ठेलों को हटाने का फैसला लिया गया।

अस्पताल की सुरक्षा, संसाधनों की उपलब्धता और सेवाओं की गुणवत्ता पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, यशवंत जैन, चेमन देशमुख, देवलाल ठाकुर, राकेश यादव, कृष्णकांत पवार, विनोद कौशिक, सीएमएचओ डॉ. महेश सूर्यवंशी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरके श्रीमाली सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों के प्रति व्यवहार संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। उन्होंने रेडियोलॉजिस्ट, ‘हमर लैब’, रक्तदान, माइनर और मेजर ऑपरेशन की स्थिति की समीक्षा की और रक्तदान के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।

बैठक में अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट लाइट लगाने की आवश्यकता पर सहमति बनी। साथ ही बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने और खनिज न्यास निधि से आवश्यक संसाधनों के प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश दिए गए।

जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल व्यवस्थाओं में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए दानदाताओं से सहयोग की अपील करने की सलाह दी। गंभीर मरीजों के अन्य अस्पतालों में रेफर होने की स्थिति में एंबुलेंस शुल्क निर्धारण पर भी चर्चा हुई।

मॉनसून को ध्यान में रखते हुए सर्पदंश के मामलों के लिए पर्याप्त मात्रा में एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कृत करने और मरीजों से फीडबैक लेने की पहल भी की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि जनसहयोग और बेहतर प्रबंधन से जिला अस्पताल बालोद को सुविधाजनक और मरीजों के अनुकूल बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!