प्रदेश रूचि

रेल पटरी पर बैठे मजदूरों पर मौत बनकर आई ट्रेन: दो की दर्दनाक मौत, दो घायल | बालोद जिले के दल्लीराजहरा-कुसुमकसा रेलवे लाइन पर हादसा

 

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। दल्लीराजहरा-कुसुमकसा रेलवे लाइन पर पांच मजदूरों पर ट्रेन चढ़ गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा रेलवे ट्रैक के 947/07 प्वाइंट के पास हुआ। सभी युवक झारखंड से मजदूरी के लिए दल्लीराजहरा क्षेत्र आए हुए थे। मंगलवार तड़के वे कुसुमकसा रेलवे स्टेशन की ओर पैदल ट्रैक से जा रहे थे। थकावट के चलते पांचों युवक रेलवे लाइन पर ही बैठ गए। इस दौरान चार युवकों को नींद आ गई। अचानक ट्रेन आने की आवाज सुनकर तीन युवक उठे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और ट्रेन की चपेट में आ गए।

हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल युवकों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं इनके अन्य छह साथी कुछ दूरी पर आगे निकल गए थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही दल्लीराजहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मजदूर ट्रैक से ही रास्ता तय कर रहे थे और उन्हें रेलगाड़ी के आने की जानकारी नहीं हो पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!