महिला की संदिग्ध मौत: फांसी पर लटका मिला शव, हत्या या आत्महत्या – जांच जारी
बालोद। जिला मुख्यालय के कुर्मीपारा स्थित पुलिस लाइन में सोमवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 29 वर्षीय आशमीन बानो का शव उनके रसोई घर की खिड़की पर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जहां कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार किया गया।
पति-पत्नी के बीच रात में हुआ था विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका और उनके पति अनवर के बीच रविवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुबह जब अनवर नींद से जागे, तो उन्होंने पत्नी को रसोई में फांसी पर लटका पाया। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को खबर दी।
घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी, फॉरेंसिक जांच जारी
घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर भी पहुंचीं। उन्होंने मामले की बारीकी से जांच की और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। मोनिका ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हत्या की भी आशंका, सिर पर चोट के निशान
हालांकि, शव की स्थिति और महिला के सिर पर चोट के निशान को देखते हुए हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शव जमीन से सटा हुआ था, जो कि एक सामान्य आत्महत्या की स्थिति नहीं मानी जाती। पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।
जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम की विस्तृत जानकारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।




















