प्रदेश रूचि

“डिजिटल इंडिया की नई धड़कन:- छत्तीसगढ़ को मिलेगा डिजिटल ब्रेकथ्रू…..रायपुर में बनेगा नेशनल AI डेटा हब…..”

रायपुर में स्थापित होगा देश का अग्रणी AI डेटा सेंटर – ESDS करेगी 600 करोड़ रुपये का निवेश

रायपुर, – छत्तीसगढ़ अब डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। देश के अग्रणी टेक्नोलॉजी इनोवेटर्स में शामिल ESDS Software Solution Ltd ने रायपुर में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डेटा सेंटर की स्थापना के लिए 600 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित किया है।

कंपनी के चेयरमैन पीयूष सोमानी और उपाध्यक्ष  लोकेश शर्मा ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि यह डेटा सेंटर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश के डिजिटल विकास को नई दिशा देगा। यह परियोजना AI, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल स्टोरेज के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री  साय ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा, “यह निवेश छत्तीसगढ़ को डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है। राज्य सरकार इस परियोजना को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी ताकि इसे शीघ्रता से धरातल पर उतारा जा सके।”

ESDS की यह पहल न केवल छत्तीसगढ़ को एक टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करेगी, बल्कि युवाओं के लिए हजारों उच्च स्तरीय रोजगार अवसर भी सृजित करेगी। यह डेटा सेंटर राज्य के IT इकोसिस्टम को मजबूती देगा और डिजिटल आत्मनिर्भरता की ओर एक बड़ा कदम होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव  सुबोध सिंह तथा नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ की इनवेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सेन भी उपस्थित थीं।

छत्तीसगढ़ के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो राज्य को डिजिटल युग में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!