बालोद। शहर के गंजपारा इलाके में गेमिंग सेंटर की आड़ में संचालित हो रहे कथित नशे के कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), थाना बालोद और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सागर अस्पताल के पास संचालित पूल क्लब में दबिश देकर हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कुल 7.98 ग्राम हेरोइन जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 59 हजार 600 रुपये बताई गई है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंजपारा स्थित सागर अस्पताल के पास नावेद खान उर्फ चोको द्वारा पूल क्लब संचालित किया जा रहा है। आरोप था कि क्लब की आड़ में हेरोइन छिपाकर रखी जाती है और उसकी बिक्री भी की जाती है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर रेड कार्रवाई की गई।

मुख्य आरोपी के कब्जे से मिला चिट्टा
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नावेद खान उर्फ चोको, निवासी जवाहर पारा बालोद के कब्जे से पारदर्शी झिल्ली में रखा हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया। पुलिस के अनुसार शुरुआती तौल में इसका वजन लगभग 7 ग्राम और शुद्ध वजन 5.81 ग्राम पाया गया। इसके साथ ही चिट्टे के सेवन में उपयोग किए जाने वाले जले हुए सिल्वर कैप के 10 नग और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पूछताछ में नावेद ने अन्य लोगों को चिट्टा बेचने और उनके साथ इसका सेवन करने की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए कार्रवाई की।
चार मोबाइल फोन भी जब्त
पुलिस ने इस प्रकरण में कुल 7.98 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 1,59,600 रुपये है, जब्त की है। इसके अलावा आईफोन, मोटोरोला, रियलमी और वीवो कंपनी के चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 2,09,600 रुपये बताई गई है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3,69,200 रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नावेद खान उर्फ चोको , गौतम बजाज , तथा शुभम सिंह उर्फ लाड़ी , निवासी कन्हारगांव, भानुप्रतापपुर सहित एक अन्य आरोपी शामिल हैं।













