Skip to main content

प्रदेश रूचि

कहीं 15 फीट के बप्पा तो कहीं भव्य पंडाल… बालोद में गणेशोत्सव की तैयारियां चरम पर

6 दिन बाद गूंजेगा ‘गणपति बप्पा मोरया’, बालोद में सजने लगे गणेश उत्सव के पंडाल

शहर के गली-मोहल्लों में तैयारियां तेज, 10 से 15 फीट तक की प्रतिमाएं होंगी स्थापित; मूर्तिकारों ने दो महीने पहले शुरू कर दिया था काम

बालोद। गणेश चतुर्थी पर्व को अब महज छह दिन शेष हैं। आगामी 14 सितंबर को मनाए जाने वाले गणेशोत्सव को लेकर जिला मुख्यालय बालोद सहित पूरे जिले में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शहर के गली-मोहल्लों और प्रमुख स्थानों पर गणेश उत्सव समितियों ने पंडाल तैयार करना शुरू कर दिया है। वहीं मूर्तिकार भगवान श्रीगणेश की आकर्षक प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में दिन-रात जुटे हुए हैं। पर्व को लेकर बच्चों, युवाओं और उत्सव समितियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।

शहर के विभिन्न वार्डों में इस बार छोटी प्रतिमाओं के साथ बड़ी और आकर्षक प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारी है। कई स्थानों पर 10 से 15 फीट तक ऊंची गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। समितियां पंडालों को आकर्षक रूप देने के लिए विद्युत सजावट, रंग-बिरंगी लाइटिंग और अन्य साज-सज्जा में जुटी हैं। प्रतिमा स्थापना स्थल से लेकर पंडाल और साउंड सिस्टम तक की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है।

दो महीने से प्रतिमा निर्माण में जुटे मूर्तिकार

बालोद में गणेश प्रतिमाएं तैयार कर रहे मूर्तिकार ईश्वर लाल धमतरी के अनुसार, उन्होंने करीब दो महीने पहले से प्रतिमा निर्माण का काम शुरू कर दिया था। उनके यहां करीब 300 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक की अलग-अलग आकार और डिजाइन की गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। बड़ी और विशेष डिजाइन वाली प्रतिमाएं समितियों की मांग और ऑर्डर के अनुसार तैयार की जा रही हैं।

मूर्तिकारों के मुताबिक पेंट और अन्य निर्माण सामग्री के दाम बढ़ने का असर इस वर्ष प्रतिमाओं की कीमतों पर भी पड़ा है। पिछले वर्ष की तुलना में प्रतिमाओं की कीमतों में करीब 5 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। इसके बावजूद गणेश प्रतिमाओं की मांग बनी हुई है और श्रद्धालु अपनी पसंद और बजट के अनुसार प्रतिमाओं की बुकिंग करा रहे हैं।

इन प्रमुख स्थानों पर होगी प्रतिमा स्थापना

बालोद शहर के नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, गंगासागर तालाब पार, मरारपारा, गांधी भवन, नयापारा, संजय नगर, बुधवारी बाजार, चिनार कॉम्प्लेक्स, गंजपारा और पाररास सहित विभिन्न वार्डों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इन स्थानों पर समितियों द्वारा पंडाल निर्माण और साज-सज्जा का काम तेजी से किया जा रहा है।

 

तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटीं समितियां

गणेश चतुर्थी में अब केवल छह दिन शेष हैं। ऐसे में गणेश उत्सव समितियों के सामने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने की चुनौती है। पंडाल निर्माण, प्रतिमा स्थापना स्थल की व्यवस्था, विद्युत सजावट, साउंड सिस्टम और अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजार में गणेश प्रतिमाओं के अलावा सजावटी सामग्री और पूजा सामग्री की खरीदारी में भी तेजी आने की संभावना है।

छह दिन बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से बालोद का माहौल भक्तिमय नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!