Skip to main content

प्रदेश रूचि

योगासन में बालोद के खिलाड़ियों का जलवा, 30 प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम; अब राज्य स्तर पर चमकेगा जिले का नाम

बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य योगासन संघ के निर्देशानुसार एवं बालोद जिला योगासन खेल संघ के तत्वावधान में रविवार को गुरु ग्रेस योगा स्टूडियो बालोद में तृतीय जिला योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे करीब 30 बालक-बालिकाओं ने सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर आयु वर्ग में हिस्सा लेकर योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला योगासन खेल संघ के सचिव आशीष जायसवाल एवं संघ के सदस्यों की उपस्थिति में हुआ। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिले में योगासन प्रतियोगिता का यह तीसरा आयोजन है। इस तरह की प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।

प्रतियोगिता की शुरुआत ग्राम बासीन से पहुंचे खिलाड़ियों के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतिभागियों ने योगासन की विभिन्न विधाओं में अपने कौशल का प्रदर्शन किया। दल्लीराजहरा, डोंडी, सोरर, जवरतला सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।

विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र से किया सम्मानित

समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला कृषि उपसंचालक आशीष चंद्राकर उपस्थित रहे। गुरु ग्रेस योगा स्टूडियो के संस्थापक धीरज शर्मा, जिला योगासन संघ के सचिव आशीष जायसवाल, बालाराम निषाद एवं ऋषभ देशमुख भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

आशीष चंद्राकर ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने बालोद जिले का नाम राज्य स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक दल के सदस्य ओम साहू, मोनिका साहू एवं दामिनी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।

आयोजन को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, कोषाध्यक्ष सौरभ शर्मा, सचिव आशीष जायसवाल, सह-सचिव खिलेश्वर रावटे एवं सदस्य धीरज शर्मा का सक्रिय योगदान रहा। प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी जिला योगासन संघ के सचिव आशीष जायसवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!