नई दिल्ली/अल अलामीन। भारतीय वायु सेना की चर्चित सारंग हेलिकॉप्टर प्रदर्शन टीम मिस्र पहुंच गई है। टीम 8 से 10 सितंबर तक अल अलामीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होने वाले अल अलामीन अंतर्राष्ट्रीय एयरशो-2026 के दूसरे संस्करण में अपने हैरतअंगेज हवाई करतबों का प्रदर्शन करेगी।
सारंग टीम अपने सटीक फॉर्मेशन, बेहद करीब से उड़ान और शानदार समन्वय के लिए दुनिया भर में पहचान रखती है। पांच हेलिकॉप्टरों के साथ प्रदर्शन करने वाली यह दुनिया की एकमात्र ऐसी हेलिकॉप्टर एरोबेटिक टीम है, जो आसमान में अनुशासन, साहस और उत्कृष्ट उड़ान कौशल का अनूठा प्रदर्शन करती है।

स्वदेशी ध्रुव की ताकत दिखेगी आसमान में
सारंग टीम स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव के जरिए अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेगी। चुनौतीपूर्ण फॉर्मेशन युद्धाभ्यास और बेहद करीबी उड़ानों के दौरान टीम के पायलट अपने असाधारण कौशल और बेहतरीन तालमेल की झलक दिखाएंगे।
यह प्रदर्शन सिर्फ भारतीय वायु सेना की पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि भारत के स्वदेशी एयरोस्पेस उद्योग की तकनीकी क्षमता को भी दुनिया के सामने रखने का अवसर होगा।

‘डॉल्फिन लीप’ के साथ नया करतब भी
एयरशो में सारंग टीम अपने लोकप्रिय ‘डॉल्फिन लीप’ करतब से दर्शकों को रोमांचित करेगी। इसके साथ ही टीम पहली बार ‘स्पॉट स्टॉल टर्न’ नामक नया करतब भी पेश करेगी। आसमान में एक साथ उड़ते हेलिकॉप्टरों की सटीक गतिविधियां और चुनौतीपूर्ण युद्धाभ्यास एयरशो का प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।

भारत-मिस्र रक्षा संबंधों को मिलेगी नई ऊंचाई
अल अलामीन अंतर्राष्ट्रीय एयरशो में दुनिया की प्रमुख वायु सेनाओं के साथ एयरोस्पेस, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ और पेशेवर शामिल हो रहे हैं। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर सारंग टीम की मौजूदगी भारत की बढ़ती एयरोस्पेस क्षमता और भारतीय वायु सेना की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करेगी।

मिस्र के आसमान में भारतीय सारंग टीम का प्रदर्शन भारत और मिस्र के बीच मजबूत होते रक्षा एवं राजनयिक संबंधों की झलक भी पेश करेगा। साथ ही, दुनिया की अन्य एरोबेटिक टीमों के साथ पेशेवर संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा। स्वदेशी ध्रुव हेलिकॉप्टरों के साथ आसमान में सारंग की सटीक उड़ानें न सिर्फ मिस्र के दर्शकों को रोमांचित करेंगी, बल्कि ‘मेक इन इंडिया’ की उड़ान और भारतीय वायु सेना के साहस का भी शानदार प्रदर्शन करेंगी।













