Skip to main content

प्रदेश रूचि

इंदौर मेट्रो के नए कॉरिडोर का शुभारंभ, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा—शहरवासियों की बढ़ेगी ‘ईज ऑफ लिविंग’

इंदौर मेट्रो के विस्तार से आसान होगी शहर की रफ्तार, 17 किमी नेटवर्क में 16 स्टेशन चालू

इंदौर। इंदौर मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर-2 के उद्घाटन के साथ शहर के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क का दायरा और बढ़ गया है। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बिलासपुर सांसद एवं केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

इंदौर मेट्रो के इस विस्तार के बाद शहर में करीब 17 किलोमीटर के दायरे में 16 मेट्रो स्टेशन चालू हो गए हैं। इससे शहर के प्रमुख रिहायशी, व्यावसायिक और रोजगार केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा।

हाल ही में करीब 11 किलोमीटर लंबे फेज-1 (रीच-2) को शुरू किया गया था। करीब 2,850 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस हिस्से में 11 स्टेशन हैं, जो सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर चौराहा तक कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं। इंदौर मेट्रो नेटवर्क की कुल परियोजना लागत करीब 4,370 करोड़ रुपये है।

तोखन साहू ने बताया शहरवासियों के लिए बड़ी सुविधा

बिलासपुर सांसद एवं केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि इंदौर मेट्रो के विस्तारित रूट की शुरुआत शहरवासियों के ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मेट्रो के विस्तार से लोगों को आने-जाने में लगने वाला समय कम होगा और सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के मजबूत होने से सड़कों पर वाहनों का दबाव और ट्रैफिक जाम कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ईंधन की खपत और प्रदूषण में कमी लाने की दिशा में भी मेट्रो महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

तोखन साहू ने कहा कि मेट्रो सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शहर के आर्थिक विकास और आधुनिक शहरी व्यवस्था को गति देने वाला माध्यम है। बेहतर कनेक्टिविटी से रोजगार, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मेट्रो परियोजना से जुड़े मध्य प्रदेश सरकार, मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, अधिकारियों, इंजीनियरों, कर्मचारियों और सभी हितधारकों को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!