गुंडरदेही। क्षेत्र में सिंचाई पानी की समस्या को लेकर किसानों की चिंता के बीच गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने सक्रियता दिखाते हुए कलेक्टर, बालोद को पत्र लिखा है। विधायक ने क्षेत्र के किसानों को कृषि कार्य के लिए पर्याप्त सिंचाई पानी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित जलाशयों एवं नालों से नहरों के माध्यम से पानी देने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में कहा है कि क्षेत्र के अधिकांश किसान अपनी फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं। पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे समय में किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

चार जलस्रोतों से पानी उपलब्ध कराने की मांग
विधायक ने खरखरा जलाशय, तांदुला जलाशय, मटिया मोती नाला एवं खपरी जलाशय से नहरों के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने प्रशासन से किसानों की आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए समय रहते आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है।
विधायक ने कहा
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा, “किसानों की फसल उनके पूरे परिवार की मेहनत और उम्मीद से जुड़ी होती है। सिंचाई के लिए समय पर पर्याप्त पानी नहीं मिला तो इसका सीधा असर उनकी फसल और आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा। किसानों की इस समस्या को देखते हुए मैंने कलेक्टर से खरखरा, तांदुला, मटिया मोती नाला और खपरी जलाशय से नहरों के माध्यम से सिंचाई पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। किसानों को समय पर पानी मिले और उनकी फसल सुरक्षित रहे, यह हमारी प्राथमिकता है।”
किसानों की समस्या को लेकर विधायक की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब फसलों के लिए सिंचाई पानी की जरूरत महत्वपूर्ण बनी हुई है। अब किसानों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई और जलस्रोतों से सिंचाई पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर है।













