Skip to main content

प्रदेश रूचि

45 फीट ऊंचाई पर सजेगी दही हांडी, 60 हजार के इनाम के लिए भिड़ेंगी गोविंदा मंडलियां…तैयारी

 

बालोद। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर बालोद शहर में इस वर्ष भव्य एवं रोमांचक दही हांडी उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। कृष्ण जन्मोत्सव समिति, जिला बालोद के तत्वावधान एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला बालोद के द्वारा रविवार को दोपहर 3 बजे से सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान में दही हांडी उत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन की तैयारियों के तहत सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान में विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। भूमिपूजन के साथ ही आयोजन स्थल की तैयारियों को गति दी गई तथा कार्यक्रम को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

45 फीट की ऊंचाई पर होगी दही हांडी

इस बार दही हांडी उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण करीब 45 फीट की ऊंचाई पर स्थापित की जाने वाली दही हांडी होगी। इतनी ऊंचाई पर हांडी को सुरक्षित तरीके से स्थापित करने के लिए क्रेन की सहायता ली जाएगी। इसके बाद अलग-अलग गोविंदा मंडलियों के बीच हांडी फोड़ने को लेकर रोमांचक मुकाबला होगा। ऊंचाई पर बंधी हांडी तक पहुंचने के लिए मानव पिरामिड बनाने वाली टीमों के प्रदर्शन से मैदान में उत्साह और रोमांच का माहौल बनने की उम्मीद है।

प्रथम पुरस्कार 60 हजार, उपविजेता को 30 हजार

दही हांडी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली मंडलियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गुलशन साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली मंडली को 60 हजार रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली मंडली को 30 हजार रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मंडली को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक मंडली को प्रोत्साहन स्वरूप 2100 रुपए प्रदान किए जाएंगे।

पुरस्कारों की घोषणा के बाद विभिन्न मंडलियों में उत्साह बढ़ गया है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए युवा अपनी-अपनी टीम तैयार करने और अभ्यास में जुट गए हैं।

ढोल-धमाल, DJ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी रंग

दही हांडी प्रतियोगिता के साथ कार्यक्रम में ढोल-धमाल, DJ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं के साथ शहरवासियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन समिति द्वारा दर्शकों एवं प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गुलशन साहू ने शहरवासियों से अपील की है कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस भव्य दही हांडी उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम का आनंद लें और आयोजन को सफल एवं यादगार बनाएं।

वहीं भाजपा युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सौरभ जैन सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। आयोजन को व्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप देने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं। आयोजन की जानकारी भाजपा युवा मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी अभिन्न यादव ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!