धमतरी के अमलतासपुरम स्थित आवास पर सुबह से शाम तक चली पूछताछ, कई दस्तावेज और साक्ष्य साथ ले गई टीम; बलरामपुर सर्किट हाउस में भी पूछताछ की जानकारी
धमतरी/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को प्रदेश के कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इसी कड़ी में बलरामपुर में पदस्थ अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया के धमतरी स्थित आवास पर भी ED की टीम ने कार्रवाई की। अमलतासपुरम कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंची जांच टीम ने कई घंटे तक पूछताछ करने के साथ घर में रखे दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की।
जानकारी के अनुसार ED की टीम सुबह दो वाहनों से अमलतासपुरम कॉलोनी पहुंची थी। सुरक्षा और कार्रवाई की गोपनीयता को देखते हुए वाहनों को आवास से कुछ दूरी पर खड़ा कराया गया था। टीम के साथ सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से कॉलोनी में दिनभर हलचल बनी रही।
सुबह से शाम तक चली कार्रवाई
बताया गया कि जांच टीम ने आवास के अंदर मौजूद परिजनों से पूछताछ की और CGPSC भर्ती मामले से संबंधित दस्तावेजों तथा अन्य संभावित साक्ष्यों की तलाश की। कार्रवाई कई घंटे तक चली। शाम को जब ED की टीम आवास से बाहर निकली तो उसके हाथों में कई फाइलें, काले रंग का बैग, एक थैला और सफेद रंग की पोटलियां दिखाई दीं। टीम इन सामग्रियों को अपने साथ लेकर रवाना हुई।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब चार से पांच अलग-अलग पोटलियों में सामग्री अपने कब्जे में ली। हालांकि इन सामग्रियों में क्या-क्या शामिल है और जांच में इनका क्या महत्व है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
घर से एक महिला को भी साथ ले जाने की जानकारी
कार्रवाई के बाद एक महिला को भी ED की टीम अपने साथ लेकर रायपुर रवाना हुई। बताया जा रहा है कि महिला कार्रवाई के दौरान आवास में मौजूद थी। उससे आगे की पूछताछ किए जाने की जानकारी है। हालांकि महिला की भूमिका अथवा उससे पूछताछ के कारणों को लेकर आधिकारिक रूप से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बलरामपुर सर्किट हाउस में भी पूछताछ
इधर, बलरामपुर में भी ED की कार्रवाई की जानकारी सामने आई। बताया गया कि दो वाहनों में पहुंची ED की टीम सीधे सर्किट हाउस पहुंची, जहां बलरामपुर के अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया को बुलाकर पूछताछ किए जाने की बात कही गई। सर्किट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई थी। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक गलियारों में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

पूर्व मुख्यमंत्री के OSD रह चुके हैं बोरघारिया
चेतन बोरघारिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के रूप में भी काम कर चुके हैं। वर्तमान में वे बलरामपुर में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। धमतरी के अमलतासपुरम में उनका पारिवारिक आवास बताया जा रहा है, जो जानकी बोरघारिया के नाम से दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
प्रदेश के कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
CGPSC भर्ती मामले की जांच के सिलसिले में ED द्वारा मंगलवार को रायपुर, दुर्ग, धमतरी और बलरामपुर समेत प्रदेश के करीब सात स्थानों पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि कई स्थानों पर जांच टीमों ने घंटों तक दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की।
धमतरी में कार्रवाई के दौरान करीब पांच अधिकारी, पांच सुरक्षाकर्मी और दो ड्राइवरों की टीम मौजूद होने की जानकारी है। टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थीं। जांच के दौरान सुरक्षा कर्मियों को मुख्य कार्रवाई स्थल से कुछ दूरी पर रखा गया था।
फिलहाल ED की ओर से धमतरी और बलरामपुर में हुई कार्रवाई में बरामद दस्तावेजों, साक्ष्यों अथवा पूछताछ से सामने आई जानकारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में जांच के दौरान वास्तव में क्या महत्वपूर्ण सामग्री हाथ लगी और उसका CGPSC भर्ती मामले से क्या संबंध है, इसका खुलासा जांच आगे बढ़ने के बाद ही हो सकेगा।














