Skip to main content

प्रदेश रूचि

चंद्रेश ठाकुर के स्थानांतरण पर जनसंपर्क कार्यालय में भावभीनी विदाई

कर्मचारियों ने उत्कृष्ट कार्यशैली, सौम्य व्यवहार और मानवीय संवेदनाओं की सराहना की

बालोद,। जिला जनसंपर्क कार्यालय बालोद में पदस्थ जिला जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर का जिला कबीरधाम स्थानांतरण होने पर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। विदाई समारोह में कर्मचारियों ने ठाकुर की उत्कृष्ट कार्यशैली, कुशल प्रबंधन क्षमता तथा सौम्य, सरल, मधुर एवं आत्मीय व्यवहार की मुक्तकंठ से सराहना की।

अधिकारी-कर्मचारियों ने कहा कि चंद्रेश ठाकुर एक कुशल एवं संवेदनशील अधिकारी होने के साथ-साथ बेहतरीन प्रबंधक भी रहे। उन्होंने कार्यालयीन दायित्वों के निर्वहन के साथ कर्मचारियों का हर परिस्थिति में मार्गदर्शन और सहयोग किया। कर्मचारियों के सुख-दुख में परिवार के मुखिया और अभिभावक की तरह खड़े रहकर उन्होंने कार्यालयीन संबंधों को आत्मीयता और पारिवारिक भावनाओं से जोड़ा। उनके सेवाभावी व्यक्तित्व, मानवीय संवेदनाओं और सहयोगात्मक कार्यशैली को कर्मचारियों ने विशेष रूप से याद किया।

‘जनसंपर्क कार्यालय मेरे लिए परिवार जैसा रहा’

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए चंद्रेश ठाकुर ने कहा कि जिला जनसंपर्क कार्यालय में कार्य करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य का विषय रहा। उन्होंने जनसंपर्क विभाग की भूमिका और उसके दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है।

उन्होंने जिला जनसंपर्क कार्यालय और पूरे विभाग को अपना परिवार बताते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पारिवारिक सदस्य बताया। ठाकुर ने कहा कि जनसंपर्क का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण, जिम्मेदारीपूर्ण और व्यस्तता से भरा हुआ है। इस विभाग में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य और पेशे को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि इसी से परिवार का संचालन होता है। उन्होंने कर्मचारियों से लगन, मेहनत और निरंतर साधना के साथ अपने कौशल को निखारने तथा जनसंपर्क विभाग के कार्यों को उत्कृष्टता प्रदान करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ठाकुर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों के सफल, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके सहयोग और आत्मीयता के लिए आभार व्यक्त किया।

सहयोगियों ने साझा किए अनुभव

समारोह में सोशल मीडिया समन्वयक तनवीर खान, सहायक ग्रेड-3 मनीष यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने चंद्रेश ठाकुर की कार्यशैली, सहज व्यवहार, नेतृत्व क्षमता और कर्मचारियों के प्रति आत्मीयता को याद करते हुए उनके कार्यकाल को सराहनीय बताया। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम चन्द्राकर ने किया। इस अवसर पर राजेन्द्र कुमार कुंजाम, कृष्णशरण साहू, हुलेश रजक, खिलेश साहू सहित जिला जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

विदाई समारोह के अंत में सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने चंद्रेश ठाकुर को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल, सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!