बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। भाजयुमो शहर मंडल अध्यक्ष राहुल सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बालोद थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की।
भाजयुमो द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इंस्टाग्राम आईडी “sunny_jaiswal” से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कथित रूप से अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणी की गई है। संगठन का आरोप है कि इस प्रकार की टिप्पणी से प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची है तथा करोड़ों देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। भाजयुमो ने इसे सोशल मीडिया के दुरुपयोग का गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषी की पहचान करने और उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन इसका उपयोग किसी संवैधानिक पद या जनभावनाओं का अपमान करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। संगठन ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई कर ऐसा संदेश दिया जाए कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से इस प्रकार की कथित आपत्तिजनक गतिविधियों को अंजाम देने का साहस न कर सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री अकबर तिगाला, भाजयुमो जिला पदाधिकारी सौरभ जैन, प्रवीण सारडा, अभिन्न यादव, रजत जैन, आशुतोष कौशिक, जीत यादव, राहुल साहू, जागेश्वर ढीमर, भाजयुमो महामंत्री कमल बजाज, तुषार ढीमर, भाजयुमो उपाध्यक्ष मनीष माधवानी, यश जैन, अंश योगी, पवन यादव, वैभव राखेचा, नमन साहू, पुष्कर देशमुख, हर्षित यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग का समर्थन किया।




















