Skip to main content

प्रदेश रूचि

मिशन नवचेतना की बड़ी सफलता: 72 किलो गांजा तस्करी मामले के दो और आरोपी गिरफ्तार, पूरे अंतर्राज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश

बालोद। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में ‘मिशन नवचेतना’ के तहत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो फरार आरोपियों को मध्यप्रदेश के रायसेन और भोपाल से गिरफ्तार कर लिया गया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस प्रकरण में शामिल सभी सात आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को साइबर सेल और थाना डौण्डीलोहारा की संयुक्त टीम ने ग्राम भेड़ी मुख्य मार्ग के पास कार्रवाई करते हुए 72.621 किलोग्राम गांजा बरामद किया था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 36.31 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान चार मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे। इस तरह कुल 40.52 लाख रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, एक आरोपी मौके से फरार हो गया था, जबकि पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना का नाम सामने आया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने विशेष टीम गठित कर फरार आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर विश्लेषण और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर पुलिस टीम मध्यप्रदेश रवाना हुई। टीम ने रायसेन और भोपाल के शुकी सेवरिया क्षेत्र में दबिश देकर फरार आरोपी तथा गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर बालोद लाया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम गोड़ (31 वर्ष), निवासी राहुल नगर, रायसेन (मध्यप्रदेश) तथा भगवान सिंह बंजारा उर्फ भग्गु (21 वर्ष), निवासी एकता नगर, शुकी सेवरिया, भोपाल (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि ‘मिशन नवचेतना’ का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी डौण्डीलोहारा निरीक्षक सुनील तिर्की, उप निरीक्षक अनित राम यादव, आरक्षक बेनीराम साहू, साइबर सेल के धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक विपिन गुप्ता, पुरन देवांगन, भोपसिंह साहू एवं गुलजारी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘मिशन नवचेतना’ के तहत नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार तथा इससे जुड़े किसी भी अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!