इससे पूर्व रायपुर में रेड क्रॉस सोसाइटी की ऑर्गन डोनेशन समिति की प्रथम बैठक राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर से आए समिति सदस्यों ने नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मध्यप्रदेश और ओडिशा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को मरणोपरांत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान करने के लिए राज्य शासन को अनुशंसा भेजी जाएगी। इसके अलावा 13 अगस्त 2026 को विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों, पंजीकृत प्रत्यारोपण संस्थानों के निदेशकों, चिकित्सकों तथा ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर्स का राज्य स्तरीय सम्मान आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन तोमन साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की और प्रदेश में अंगदान एवं देहदान को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सुझावों वाला मांग-पत्र सौंपा। इसमें मरणोपरांत गार्ड ऑफ ऑनर, विश्व अंगदान दिवस पर सम्मान समारोह तथा राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान चलाने जैसे प्रस्ताव शामिल थे।

राज्यपाल रमेन डेका ने समिति की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए विश्व अंगदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अन्य प्रस्तावों को भी शासन स्तर पर परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजे जाने का आश्वासन दिया। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयासों से प्रदेश में नेत्रदान, अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा अधिक से अधिक लोग इस महादान के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर पुष्प सिंह नेताम, ऑर्गन डोनेशन समिति के चेयरमैन रोशनलाल वर्मा, राज्य समन्वयक मनीषा सिंह, अंजुला गौतम मिश्रा, संध्या सिंह, तिलकराम साहू, नागेंद्र दुबे, शांतनु साहू, सुरेश निर्मलकर, आकाश गिरी गोस्वामी, चिन्ना बलिया, आर्यन सिन्हा सहित रेड क्रॉस सोसाइटी की राज्य प्रबंधन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।




















