बालोद। बालोद नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-3 स्थित बघमरा बायपास रेलवे फाटक के समीप प्रस्तावित देशी शराब दुकान को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शराब दुकान को प्रस्तावित स्थल पर खोले जाने का विरोध करते हुए नयापारा, मेढ़की, बघमरा, ओरमां, खारथुली और भोथली के ग्रामीण सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन उनकी मांगों की अनदेखी करता है तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
सामूहिक बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया विरोध का निर्णय
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर रविवार को मेढ़की सहित आसपास के गांवों में सामूहिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्तावित स्थान पर शराब दुकान खोले जाने का विरोध करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में क्षेत्र का वातावरण शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण है, लेकिन मुख्य मार्ग पर शराब दुकान खुलने से सामाजिक व्यवस्था प्रभावित होगी और अप्रिय घटनाओं की आशंका बढ़ जाएगी। इसी चिंता को लेकर सभी ग्रामवासियों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन तैयार कर प्रशासन को सौंपा है।
मुख्य मार्ग पर शराब दुकान खुलने से बढ़ेगी असामाजिक गतिविधियां
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि बघमरा बायपास रेलवे फाटक के समीप प्रस्तावित शराब दुकान का क्षेत्रवासी लगातार विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित शराब दुकान को यथावत रखा जाना चाहिए और उसे नए स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जाना चाहिए। मुख्य मार्ग पर शराब दुकान खुलने से असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना पैदा होगी तथा आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
स्कूल के समीप शराब दुकान खोलने पर जताई आपत्ति
वार्ड क्रमांक-3 नयापारा के पूर्व पार्षद मोहन कलिहारी ने कहा कि प्रस्तावित स्थल के समीप अरिहंत स्कूल संचालित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे अध्ययन के लिए आते-जाते हैं। ऐसे स्थान पर शराब दुकान खोले जाने से बच्चों और अभिभावकों की सुरक्षा एवं सामाजिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शराब दुकान को वर्तमान स्थान पर ही संचालित रखना चाहिए।
बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, पार्षद किरण साहू, जनपद सदस्य मोहनीश पारकर, ग्राम विकास समिति मेढ़की के संरक्षक धनराज साहू, कमलेश श्रीवास्तव, टहल साहू, देवेंद्र साहू, होरीलाल गजपाल, मोहन कलिहारी, पदुम हिरवानी, कामेंद्र श्रीवास्तव, लक्ष्मीनारायण गजपाल, अमोल साहू, शिवभजन यादव, विक्की भारद्वाज, हेमंत साहू, उत्तम साहू, मोती साहू, श्रीकांत भारद्वाज, रेखराम विश्वकर्मा, सोनल भारद्वाज, भेष साहू, अमृत साहू, चंद्रहास साहू, बंधु साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।
बघमरा बायपास में प्रस्तावित शराब दुकान का 6 गांव के ग्रामीणों ने किया विरोध, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, बोले मांग नहीं मानी तो होगा उग्र आंदोलन




















