प्रदेश रूचि

रायपुर सप्लाई से पहले पकड़ा गया गांजा तस्कर, TVS XL में छिपाकर ले जा रहा था 12 किलो माल

बालोद। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो TVS XL 100 मोपेड में 12.100 किलोग्राम गांजा लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त वाहन समेत कुल 6.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति TVS XL 100 मोपेड (CG 24 K-0170) में सफेद प्लास्टिक की बोरी में गांजा रखकर कांकेर-चारामा मार्ग से रायपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुरूर थाना पुलिस ने एनएच-30 स्थित मरकाटोला कैंप के सामने वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए और वाहन के अनुसार एक व्यक्ति मोपेड से आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि नेताम (40 वर्ष), निवासी कनेरी मनेरीपारा, थाना पुरूर बताया।


       तलाशी के दौरान मोपेड के सामने रखी सफेद बोरी से खाकी टेप में पैक किए गए गांजे के छह पैकेट बरामद हुए। जब्त गांजे का कुल वजन 12.100 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 6.05 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं घटना में प्रयुक्त TVS XL 100 मोपेड की कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 6.25 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में गांजा किसी चारपहिया वाहन या ट्रक की बजाय एक साधारण TVS मोपेड में छिपाकर ले जा रहा था, ताकि पुलिस की नजरों से बच सके। हालांकि पुरूर पुलिस की सतर्कता और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते उसकी यह कोशिश नाकाम हो गई।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग रेंज में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत बालोद पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार बढ़ती सख्ती का संकेत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!