प्रदेश रूचि

कयाघाट ब्रिज और मरीन ड्राइव का निरीक्षण, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

रायगढ़। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को रायगढ़ में केलो नदी पर निर्माणाधीन कयाघाट ब्रिज और मरीन ड्राइव का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से दोनों परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।


निरीक्षण के दौरान सचिव ने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और विभागीय अधिकारियों के साथ स्थल पर चर्चा कर निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनसुविधा से जुड़ी परियोजनाओं में गुणवत्ता, उपयोगिता और दीर्घकालिक टिकाऊपन सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है।

इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में चल रहे सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।


समीक्षा के दौरान जिले के विभिन्न उप संभागों में निर्माणाधीन सड़कों और पुलों की स्थिति का आकलन किया गया। साथ ही ट्रांजिट हॉस्टल, मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन, प्रयास आवासीय विद्यालय, कामकाजी महिला छात्रावास तथा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसे प्रस्तावित भवन निर्माण कार्यों की कार्ययोजनाओं की जानकारी ली गई। सचिव ने इन परियोजनाओं का कार्य जल्द शुरू करने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे एवं जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत, एन.के. लाल और जे.पी. तिग्गा सहित लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!