बालोद। नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। चुनावी मंच से उन्होंने महंगाई, धान खरीदी, खाद-बीज की कमी, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों सहित कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता अब परेशान हो चुकी है और इसका जवाब चुनाव में देने जा रही है।
सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि पलारी में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और यहां की जनता ने तय कर लिया है कि महिलाओं, किसानों और ग्रामीणों को जो परेशानियां दी गई हैं, उसका करारा जवाब भाजपा को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि पलारी नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत तय है और यही जनता का संदेश भी होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने धान खरीदी के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि किसानों को लगातार परेशान किया जा रहा है। खाद और बीज की कमी को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर ऐसी स्थिति पैदा कर रही है ताकि किसानों का उत्पादन कम हो और विदेशों से अनाज आयात कर बाजार में बेचा जा सके।

भूपेश बघेल ने कहा कि किसान आज खाद के लिए भटक रहा है, वहीं पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है।
सभा के दौरान उन्होंने अपने चुटीले अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर “मेलोडी” टिप्पणी भी की, जिस पर सभा में मौजूद लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ठहाके गूंज उठे।

इसके अलावा भूपेश बघेल ने अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा। उन्होंने एपस्टीन फाइल का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का प्रधानमंत्री अमेरिका के राष्ट्रपति से डरता है। हालांकि उनके इस बयान के बाद सभा में राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पा रही है। किसान, महिलाएं और युवा सभी परेशान हैं तथा प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं।

सभा में पूर्व मंत्री शिव डहरिया, क्षेत्रीय विधायक सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभा के दौरान जोरदार नारेबाजी कर चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया।




















