
इस महत्वपूर्ण कार्य की स्वीकृति भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन के सतत प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने लगातार शासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क एवं संवाद बनाए रखा, जिसके बाद आखिरकार यह बहुप्रतीक्षित स्वीकृति मिल सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता था। इससे न केवल यातायात प्रभावित होता था, बल्कि आसपास के दुकानदारों और आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। गंदगी, कीचड़ और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से स्थानीय लोग काफी समय से परेशान थे और स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।
अब आरसीसी नाली निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह कार्य एनएच-930 अंतर्गत स्वीकृत परियोजना के कंटिजेंसी मद से कराया जाएगा।
इस उपलब्धि पर स्थानीय व्यापारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके लगातार प्रयासों से ही यह महत्वपूर्ण स्वीकृति संभव हो पाई है।




















