प्रदेश रूचि

बालोद में कांग्रेस को “बूस्ट” देने आ रहे टी.एस. सिंहदेव, कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर भरेंगे नई ऊर्जा

बालोद। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव रविवार को बालोद जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

जारी कार्यक्रम के अनुसार टी.एस. सिंहदेव संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं के गृह निवास पहुंचकर उनसे भेंट-मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की वर्तमान स्थिति, स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि सिंहदेव का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दौरे के दौरान वे जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी के मेढ़की स्थित निवास भी पहुंचेंगे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके अलावा विधायक संगीता सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस तथा अन्य संगठनात्मक पदाधिकारियों से भी वे मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि टी.एस. सिंहदेव हमेशा कार्यकर्ताओं के बीच जाकर संवाद स्थापित करने और संगठन को मजबूत करने के पक्षधर रहे हैं। यही कारण है कि उनका यह दौरा केवल औपचारिक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं से आत्मीय संबंध मजबूत करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार आगामी चुनावी तैयारियों को देखते हुए कांग्रेस अब संगठन को फिर से सक्रिय करने में जुटी हुई है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को मजबूत करने और पार्टी में नई ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं के लगातार दौरे हो रहे हैं। टी.एस. सिंहदेव का बालोद दौरा भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक, वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी और संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि सिंहदेव के दौरे से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक मजबूत होगा।

पूर्व उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले के कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम, बैठकें और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उनके आगमन को लेकर भारी उत्साह और समर्पण दिखाई दे रहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!