प्रदेश रूचि

मेढ़की में 10-11 अप्रैल को कर्मा जयंती महोत्सव: घर-वापसी अभियान, दहेज उन्मूलन और सामाजिक जागरण रहेगा मुख्य फोकस, साथ में सामूहिक विवाह का आयोजन

बालोद। तहसील साहू संघ बालोद द्वारा समाज में एकता, सांस्कृतिक जागरण एवं सामाजिक सुधार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 एवं 11 अप्रैल 2026 को ग्राम मेढ़की में द्वि-दिवसीय तहसील स्तरीय कर्मा जयंती महोत्सव, आदर्श सामूहिक विवाह एवं घर-वापसी अभियान का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन स्थल मेढ़की के मिनी स्टेडियम में भव्य पंडाल निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, जिससे कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समाज में उत्साह का माहौल साफ नजर आ रहा है।

आयोजन के प्रथम दिवस 10 अप्रैल को भक्त माता कर्मा जयंती के अवसर पर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ कर्मा पूजन, सामाजिक सम्मेलन, समाज के समसामयिक विषयों पर विचार गोष्ठी, अतिथियों का उद्बोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष टहल सिंह साहू मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील साहू संघ बालोद के अध्यक्ष प्रेम साहू करेंगे। साथ ही कई विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

द्वितीय दिवस 11 अप्रैल को आयोजन का मुख्य आकर्षण दहेज मुक्त एवं सादगीपूर्ण आदर्श सामूहिक विवाह होगा, जिसमें विवाह योग्य जोड़ों का वैदिक रीति से विवाह संस्कार संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही स्वेच्छा से घर-वापसी कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज द्वारा वैदिक पूजन के साथ स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू करेंगे।

तहसील साहू संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन समाज में बढ़ती दहेज प्रथा, अनावश्यक खर्च और अन्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिसमें संरक्षक धरम साहू, अध्यक्ष प्रेम साहू, प्रमुख सलाहकार रोहित अठनागर, उपाध्यक्ष जयंत साहू एवं श्रीमती चंद्रिका साहू, संयोजक निरंजन साहू, सचिव रघुनंदन गंगबोईर, कोषाध्यक्ष चुरामन साहू तथा संगठन सचिव छगन साहू एवं श्रीमती वीणा साहू शामिल हैं। तहसील साहू संघ बालोद ने समाज के सभी बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को सफल बनाएं और सामाजिक एकता को मजबूत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!