प्रदेश रूचि

बालोद में सट्टा विवाद बना जानलेवा: मारपीट से आहत युवक ने जहर खाया, हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

बालोद। शहर के रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में सट्टा लिखने को लेकर हुआ विवाद अब गंभीर मोड़ ले चुका है। मारपीट में घायल एक युवक ने कथित तौर पर जहर सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और हालत बिगड़ने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक चरामन साहू सट्टा नंबर लिखाने के लिए रेलवे कॉलोनी स्थित नजीर खान और फैज खान की दुकान पहुंचा था। इसी दौरान सट्टा लिखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।


आरोप है कि नजीर खान और फैज खान ने अपने परिजनों के साथ मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस हमले में युवक के नाक सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल युवक ने अपना वीडियो बनाकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की, लेकिन दूसरी ओर आरोपियों की शिकायत पर युवक के खिलाफ भी मामला कायम कर लिया गया, जिससे यह पूरा मामला क्रॉस केस में बदल गया।


 मामला तब तूल पकड़ गया, जब युवक ने जहर सेवन कर लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद FIR दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की, जिससे आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया। घटना के बाद युवक को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!