प्रदेश रूचि

बालोद में 400 छात्राओं के लिए ‘केरला स्टोरी 2’ का फ्री शो, मातृशक्ति जागरूकता पर फोकस

बालोद।जिले के पांची सिनेमा में शनिवार को फिल्म ‘केरला स्टोरी 2’ का एक विशेष शो आयोजित किया गया, जो कई मायनों में खास रहा। यह प्रदर्शन केवल छात्राओं के लिए आयोजित किया गया था और पूरी तरह निःशुल्क रखा गया। इस शो में लगभग 400 छात्राओं ने भाग लेकर फिल्म देखी।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों के प्रति जागरूक करना था। आयोजन समिति के सदस्य धीरज शर्मा ने फिल्म प्रदर्शन से पहले अपने संबोधन में कहा कि इस पहल का मकसद युवतियों को तथाकथित “लव जिहाद” जैसे मुद्दों की मानसिकता और उसके संभावित दुष्परिणामों से अवगत कराना है। उन्होंने छात्राओं को सजग और जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस आयोजन में निशा योगी, कमल पनपालिया, विनोद जैन, धर्म जागरण मंच के संयोजक राज सोनी, प्राची लालवानी, दिनेश तापड़िया, सामाजिक कार्यकर्ता विनय नामदेव, विवेक पाटीदार और धर्मेंद्र आहूजा सहित कई लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता निभाई, जिससे आयोजन को व्यापक समर्थन मिला।


फिल्म के समापन के बाद जिला मंत्री निशा योगी ने सभी छात्राओं को सामाजिक जागरूकता और धर्मनिष्ठा की शपथ दिलाई। वहीं, अंत में कमल पनपालिया ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों की मौजूदगी
इस विशेष शो में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया, जनपद सदस्य ममता साहू, बलराम गुप्ता, संदीप लोढ़ा, आशा पटेल, प्रीति देशमुख, सुनिता, मनहर प्रीति साहू और प्रदीप साहू सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


मातृशक्ति जागरूकता रहा मुख्य उद्देश्य
आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश की मातृशक्ति को जागरूक करना और उन्हें सामाजिक व धार्मिक मूल्यों के प्रति सजग बनाना था। साथ ही छात्राओं को परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम में शासकीय कॉलेज बालोद, अरिहंत स्कूल, महावीर स्कूल, गुरुकुल स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, किंडर गार्डन स्कूल, शासकीय आईटीआई लोहारा, कन्नेवाड़ा स्कूल सहित जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों की छात्राओं ने भाग लिया।


भावनात्मक माहौल में समाप्त हुआ शो
फिल्म देखने के बाद कई छात्राएं भावुक नजर आईं। आयोजन के अंत में सभी ने धर्म के प्रति निष्ठा बनाए रखने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का संकल्प लिया।आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में छात्राओं का उत्साह और जागरूकता सराहनीय रही, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!