प्रदेश रूचि

बालोद में ईंधन पर राहत: पेट्रोल-डीजल और गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य, अफवाहों से बचने प्रशासन की अपील

पश्चिम एशियाई संकट के बीच बालोद जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलु गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद बालोद जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। कलेक्टर एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, भंडारण और वितरण की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन से मिलेगी मदद
राज्य शासन के निर्देशानुसार आम नागरिकों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम व्यवस्था सक्रिय की गई है। पेट्रोल, डीजल और घरेलु गैस से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए 18002333663 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जहां नागरिक अपनी शिकायत या जानकारी दर्ज करा सकते हैं।


कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नजर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों और डीलरों के स्टॉक की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।

जमीनी हकीकत: बालोद में सप्लाई पूरी तरह सामान्य
जिले के पेट्रोल पंपों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है। दल्ली चौक स्थित एक पेट्रोल पंप के मैनेजर भुवन साहू ने बताया कि फिलहाल न तो डीजल-पेट्रोल की कोई कमी है और न ही अतिरिक्त दबाव की स्थिति। नियमित आपूर्ति जारी है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि समय-समय पर टैंकरों के माध्यम से सप्लाई मिल रही है, जिससे आगामी दिनों में भी किसी प्रकार की कमी की संभावना नहीं है।


अफवाहों से बनती है भीड़ की स्थिति
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलने के कारण कभी-कभी लोग घबराकर एक साथ पेट्रोल भरवाने पहुंच जाते हैं, जिससे अस्थायी भीड़ की स्थिति बनती है। हालांकि, वास्तविकता में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल या गैस का भंडारण न करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अधिकृत हेल्पलाइन या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

बहरहाल  सतत मॉनिटरिंग और पर्याप्त आपूर्ति के चलते बालोद जिले में फिलहाल ईंधन को लेकर कोई संकट नहीं है। प्रशासन और आमजन के सहयोग से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!