दुर्ग। नारी शक्ति के उत्साह, आत्मविश्वास और सशक्त भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “बचपन की टिकट” थीम पर महिलाओं के लिए एक दिवसीय निःशुल्क खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद Saroj Pandey की पहल पर आयोजित यह प्रतियोगिता 29 मार्च 2026 (रविवार) को शाम 4 बजे से मिनी स्टेडियम, पदमनाभपुर (दुर्ग) में आयोजित होगी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी दैनिक जिम्मेदारियों से समय निकालकर खेलों के माध्यम से फिर से बचपन की यादों को जीने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता में पारंपरिक और मनोरंजक खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें खो-खो, कबड्डी, बिल्लस, फुगड़ी, गोटा, हाऊजी, चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, रस्सी खींच, बोरा दौड़ और जलेबी दौड़ जैसे खेल प्रमुख रहेंगे। इन खेलों के जरिए महिलाएं अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगी, वहीं आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल भी देखने को मिलेगा।
प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 18 से 25 वर्ष तथा 25 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की सभी महिलाएं निःशुल्क भाग ले सकेंगी। आयोजकों की ओर से हर प्रतियोगिता की विजेता प्रतिभागियों के लिए विशेष एवं आकर्षक उपहार भी निर्धारित किए गए हैं, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक महिलाएं पंजीयन के लिए 9425555002, 9685841086 एवं 9340302838 नंबरों पर संपर्क कर सकती हैं। आयोजन सखी सहेली महिला समूह, दुर्ग (छत्तीसगढ़) द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने जिले की सभी माताओं और बहनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर खेलों के माध्यम से आनंद, स्वास्थ्य और आपसी सहभागिता का संदेश दें तथा अपने बचपन की यादों को एक बार फिर जीवंत बनाएं।




















