प्रदेश रूचि

आस्था, सेवा और पर्यावरण संदेश का संगम: झलमला गंगा मैया तीर्थ में भव्य महाप्रसादी सेवा जारी

बालोद। जिले की अधिष्ठात्री देवी मां गंगा मैया तीर्थ झलमला में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आञ्जनेय नंदन सर्वसिद्ध हनुमान मंदिर समिति बेलमांड द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी निःशुल्क महाप्रसादी सेवा का शुभारंभ प्रतिपदा तिथि से कर दिया गया है। सेवा के पहले ही तीन दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

समिति के अनुसार प्रथम दिवस 475, द्वितीय दिवस 630 तथा तृतीय दिवस लगभग 1150 से अधिक भक्तों ने महाप्रसाद प्राप्त किया। नवरात्रि के दौरान गंगा मैया ट्रस्ट में पूर्व से संचालित अन्य सेवाओं को प्रभावित किए बिना समिति द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग मेनू के साथ श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जा रही है। प्रसादी पंडाल में श्रद्धालुओं के बैठने के लिए कुर्सी एवं कार्पेट की समुचित व्यवस्था भी की गई है, जिससे भक्तजन सुव्यवस्थित ढंग से महाप्रसाद ग्रहण कर सकें।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समिति द्वारा प्रसादी वितरण में स्टील के बर्तन और गिलास का उपयोग किया जा रहा है, वहीं आम के पत्तों से बने चम्मचों का प्रयोग कर इको-फ्रेंडली पहल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। पहले दो दिनों में पोहा एवं पोहा-चना तथा तीसरे दिन खिचड़ी प्रसादी के रूप में वितरित की गई।


महाप्रसादी सेवा के साथ ही देशभर में चल रहे गौ सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत श्रद्धालुओं को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग से संबंधित पत्रक वितरित कर 27 अप्रैल को तहसील मुख्यालय बालोद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी संचालित किया जा रहा है। विशेष बात यह भी रही कि प्रसादी पंडाल में गौ माता स्वयं पहुंचकर स्नेहपूर्वक महाप्रसाद ग्रहण करती नजर आई।

महाप्रसादी सेवा के संचालन में आञ्जनेय नंदन सर्वसिद्ध हनुमान मंदिर समिति के प्रबंधक एवं समाजसेवी डॉ. पुरुषोत्तम सिंह राजपूत के साथ पुष्कर सिंह राजपूत, नेमी साहू, प्रमोद साहू, मुरली साहू, नरोत्तम साहू, योगेश्वर यादव, देवघर साहू आचार्य, शेखर साहू, सुरेखा साहू, रुक्मणि राजपूत, डॉ. कु टेमिन, डेमन यादव, नंदकिशोर, युवराज सहित अनेक सेवादार सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
नवरात्रि के दौरान चल रही यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए आस्था, सेवा और सामाजिक जागरूकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!