प्रदेश रूचि

‘मेरे खेत में क्यों चले?’… इसी बात पर प्राणघातक वार, रात में ही गिरफ्त में आया आरोपी

गुरूर (बालोद),। जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम बगदई में खेत में पैदल चलने की बात को लेकर हुए विवाद ने गंभीर हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक व्यक्ति पर प्राणघातक हमला किया गया, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 17 मार्च की सुबह करीब 7 बजे रामबाई साहू अपने पति पुरूषोत्तम लाल साहू के साथ खेत से चना और सरसों की फसल लाने जा रही थीं। इसी दौरान गांव के ही पुलस्तनंदन साहू ने उनके खेत में चलने को लेकर आपत्ति जताई और आक्रोशित होकर गाली-गलौज करते हुए हाथ में रखे बेर की लकड़ी के खुंटे से पुरूषोत्तम साहू के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले के बाद वे मौके पर ही बेहोश हो गए।
ग्रामीणों की मदद से घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें धमतरी रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज धमतरी के एक निजी अस्पताल में जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त बेर की लकड़ी खेत में फेंकने की बात स्वीकार की, जिसके आधार पर पुलिस ने हथियार भी बरामद कर लिया।
पुख्ता सबूत मिलने पर आरोपी पुलस्तनंदन साहू (45) को उसी रात करीब 10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में गुरूर थाना प्रभारी सुनील कुमार तिर्की सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस का कहना है कि गांवों में छोटे विवाद भी गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं, इसलिए आपसी मतभेदों को हिंसा की बजाय संवाद से सुलझाना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!