प्रदेश रूचि

बालोद में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, खाली सिलेंडर कंधे पर उठाकर जताया विरोध

बालोद। जिला मुख्यालय स्थित तहसील कार्यालय के सामने गुरुवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कथित कालाबाजारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष बालक साहू के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडरों को डंडे के सहारे कंधों पर उठाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आम जनता को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य मंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष बालक साहू ने कहा कि प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और आपूर्ति व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण आम लोगों की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर लोगों को गैस गोदामों के बाहर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, इसके बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि रसोई गैस जैसी बुनियादी जरूरत महंगी होने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए और बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!