प्रदेश रूचि

चैत्र नवरात्रि आज से शुरू: गंगा मैय्या धाम में उमड़ेगी आस्था, 19–27 मार्च तक भारी वाहनों का रूट डायवर्ट

बालोद। धर्म और आस्था के पावन पर्व चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ आज से हो गया है। जिले के सबसे बड़े धार्मिक स्थलों में शामिल झलमला स्थित प्रसिद्ध गंगा मैय्या मंदिर में इस अवसर पर नौ दिनों तक भक्ति और उत्सव का विशेष माहौल रहेगा। ज्योति कलश स्थापना, विविध धार्मिक अनुष्ठानों और भव्य मेले के आयोजन को देखते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी के मद्देनज़र जिला पुलिस प्रशासन ने 19 से 27 मार्च तक बड़ी मालवाहक वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) देवांश सिंह राठौर और यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

इस प्रकार रहेगा रूट डायवर्जन
धमतरी की ओर से आने वाले बड़े मालवाहक वाहन धमतरी–गुरूर–झलमला तिराहा–पड़कीभाठ बायपास–पाररास होते हुए बटेरा चौक लोहारा से अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे। दुर्ग से आने वाले वाहन दुर्ग–गुण्डरदेही–पड़कीभाठ बायपास–बटेरा चौक लोहारा मार्ग से जाएंगे। इसी तरह राजहरा से आने वाले वाहन राजहरा–कुसुमकसा–बटेरा चौक लोहारा–पाररास बायपास–पड़कीभाठ होते हुए आगे बढ़ेंगे, जबकि राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहन राजनांदगांव–लोहारा–बटेरा चौक–पाररास बायपास–पड़कीभाठ मार्ग का उपयोग करेंगे। यह डायवर्जन 19 से 27 मार्च तक सभी भारी वाहनों पर लागू रहेगा।

श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए चार पार्किंग स्थल
गंगा मैय्या मंदिर परिसर में आने वाले दर्शनार्थियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए चार प्रमुख स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। धमतरी–गुरूर मार्ग से आने वाले श्रद्धालु पुलिस कॉलोनी परिसर झलमला में वाहन खड़े करेंगे, जबकि दुर्ग–गुण्डरदेही मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए झलमला बाजार चौक में पार्किंग निर्धारित की गई है। राजहरा और राजनांदगांव दिशा से आने वाले वाहन चालकों के लिए सिवनी मैदान पार्किंग तथा बालोद बाजार (हीरापुर जाने वाले मोड़ के सामने) पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

यातायात पुलिस बालोद ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और परिवर्तित मार्गों का उपयोग करते हुए प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए पुलिस कंट्रोल रूम बालोद (94791-91160) और यातायात कार्यालय बालोद (77492-23817) में संपर्क किया जा सकता है।
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर गंगा मैय्या धाम में भक्ति, उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जहां नौ दिनों तक श्रद्धालु मां के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!