बालोद/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की नवघोषित प्रदेश कार्यसमिति में बालोद जिले के दो नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर संगठन में उत्साह का माहौल है। जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता पवन साहू को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तथा पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकांत पवार को प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
प्रदेश कार्यसमिति में शामिल किए जाने पर पवन साहू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने भी नई जिम्मेदारी मिलने पर शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रदेश स्तर पर मिली जिम्मेदारी को वे सेवा और संगठन विस्तार के अवसर के रूप में देखते हैं। पवार ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से पार्टी को आगामी समय में और अधिक मजबूती मिलेगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए इसे बालोद जिले के लिए गौरव का विषय बताया है। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि जिले के नेताओं की प्रदेश स्तर पर भागीदारी बढ़ने से स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी।




















