बालोद। जिला मुख्यालय स्थित पांची सिनेमा में रविवार को शहर के राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े जागरूक युवाओं द्वारा फिल्म “केरला स्टोरी-2” के तीन विशेष शो आयोजित किए गए। इन शो में शहर व आसपास के क्षेत्रों की लगभग 1200 छात्राओं एवं महिलाओं को निःशुल्क फिल्म दिखाई गई।

आयोजन में धीरज शर्मा, दिनेश तापड़िया, विवेक पाटीदार, विनय नामदेव, धर्मेंद्र आहूजा, दिनेश साहू, डॉ. अजय साहू और मयंक बाफना ने सक्रिय भूमिका निभाई। युवाओं की पहल को देखते हुए शहर के योग क्षेत्र से जुड़े साधकों, व्यापारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग और सहभागिता प्रदान की।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति में जागरूकता बढ़ाना तथा सामाजिक-सांस्कृतिक विषयों पर चर्चा को प्रोत्साहित करना था। उन्होंने बताया कि परिवार, समाज और परंपराओं के प्रति जागरूकता को लेकर फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से संदेश देने का प्रयास किया गया।

इस विशेष स्क्रीनिंग में शासकीय कॉलेज बालोद, सृजन आईटीआई, श्योर सक्सेस आईटीआई, गुरुकुल स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने भाग लिया। इसके अलावा गुरूर आईटीआई, कन्नेवाड़ा, अर्जुंदा, डौंडी लोहारा और बड़गांव सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में छात्राएं पहुंचीं।
तीनों शो में दर्शकों की उपस्थिति और उत्साह उल्लेखनीय रहा। आयोजन समिति ने बताया कि फिल्म प्रदर्शन के बाद कई छात्राओं और महिलाओं ने सामाजिक विषयों पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं तथा समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता आधारित कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही, ताकि युवाओं और महिलाओं के बीच संवाद एवं समझ को मजबूत किया जा सके।




















