प्रदेश रूचि

पार्षद पर जानलेवा हमला: 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से भेजे गए जेल

दल्लीराजहरा (बालोद)।वार्ड क्रमांक-07 टीचर कॉलोनी में पार्षद वीरेन्द्र साहू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में राजहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का कड़ा (चूड़ा) भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च की रात करीब 9 बजे पार्षद वीरेन्द्र साहू अपने मित्र हेमंत नेताम के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान टीचर कॉलोनी ग्राउंड के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। वार्ड की समस्याओं को लेकर विवाद करते हुए आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों तथा पहने हुए स्टील के कड़े से बेरहमी से मारपीट की।

हमले में पार्षद के नाक, आंख, गाल सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वहीं आरोपियों ने गमछे से गला दबाकर हत्या की कोशिश भी की। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना और गवाहों के बयान के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) भी जोड़ी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल की तकनीकी मदद से लगातार पतासाजी के बाद आरोपियों को दुर्ग और धमतरी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई में थाना राजहरा स्टाफ और साइबर सेल बालोद की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!