Skip to main content

प्रदेश रूचि

छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को कैशलैस इलाज की सौगात, फेडरेशन ने मुख्यमंत्री से मिलकर जताया आभार

रायपुर।राज्य बजट में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कैशलैस चिकित्सा सुविधा की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से विधानसभा स्थित कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय को कर्मचारी हित में बड़ा और राहत देने वाला कदम बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि कैशलैस चिकित्सा सुविधा लागू होने से कर्मचारी वर्ग और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक बोझ से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने इसे ऐतिहासिक और कर्मचारी हितैषी फैसला बताते हुए कहा कि लंबे समय से इस तरह की व्यवस्था की अपेक्षा की जा रही थी। फेडरेशन ने सरकार के इस संवेदनशील निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कैशलैस चिकित्सा सुविधा का लाभ शासकीय कर्मचारियों और उनके परिजनों को मिलेगा। चिकित्सा लाभ की प्रक्रिया को सरल बनाए जाने से कर्मचारियों को इलाज के दौरान अनावश्यक भागदौड़ और आर्थिक दबाव से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी अपने परिवार के स्वास्थ्य को लेकर निश्चिंत होंगे, तो उसका सकारात्मक प्रभाव उनके कार्य निष्पादन और प्रशासनिक दक्षता पर भी दिखाई देगा।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में कमल वर्मा के साथ सुनील उपाध्याय, जय कुमार साहू, राजेश सिं्घी, संतोष कुमार वर्मा, संजीत शर्मा, देवाशीष दास, लोकेश वर्मा, अमित शर्मा, सोनाली तिडके, आकाश त्रिपाठी, जगेश्वर भट्ट, दीपक सोनकर, प्रवीण सिंह और निशा यादव शामिल रहे।

राज्य बजट में की गई इस घोषणा को कर्मचारी संगठनों ने सकारात्मक संकेत के रूप में लिया है। माना जा रहा है कि कैशलैस चिकित्सा सुविधा लागू होने से हजारों शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा स्वास्थ्य संबंधी आपात परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!