प्रदेश रूचि

बालोद में स्कूल वाहन हादसा: पुल से गिरी गाड़ी, एक मासूम की जान गई, 13 से ज्यादा बच्चे जिंदगी से जूझ रहे

बालोद/डौंडी। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। छिंदगांव के आगे मरारटोला गांव के समीप एक स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


मिली जानकारी के अनुसार, वाहन आजाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का फोर्स वाहन बताया जा रहा है। स्कूल की छुट्टी के बाद वाहन बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकली थी। इसी दौरान मरारटोला के पास पुल पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गई और नीचे जा गिरी। दुर्घटना के समय वाहन में 15 से अधिक स्कूली बच्चे सवार थे।
मौके पर मचा हड़कंप, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

चालक को लेकर उठे सवाल
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वाहन निर्धारित चालक के बजाय किसी अन्य व्यक्ति द्वारा चलाए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है तो यह स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही मानी जाएगी।

पुलिस ने शुरू की जांच
डौंडी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। वाहन जब्त कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन मानकों पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है। मामले के बाद अभिभावकों ने स्कूल वाहनों की नियमित जांच और प्रशिक्षित चालकों की अनिवार्यता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!