बालोद। बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मालीघोरी के जंगल में अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 190 नग देशी प्लेन शराब के पौवा और एक स्कूटी जब्त की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि ग्राम मालीघोरी के जंगल में दो व्यक्ति अधिक मात्रा में देशी प्लेन शराब रखकर अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद ग्राहक और एक आरोपी भाग निकले, जबकि एक संदेही को मौके पर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम प्रीतम कुमार ठाकुर (38 वर्ष), पिता स्व. चंदुलाल ठाकुर, निवासी वार्ड क्रमांक 13 आमापारा, बालोद बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो थैलों में रखे 190 नग देशी प्लेन शराब के पौवा बरामद किए गए। वहीं घटनास्थल पर खड़ी ग्रे रंग की पुरानी स्कूटी क्रमांक सीजी 08 जे 4011 को फरार आरोपी बब्बन गौतम निवासी शिकारीपारा, बालोद का होना बताया गया।
पुलिस ने जब्त शराब और स्कूटी को गवाहों के समक्ष विधिवत सील कर पंचनामा तैयार किया। आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पाए जाने पर थाना बालोद में मामला पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तार आरोपी प्रीतम कुमार ठाकुर को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर बालोद जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी बब्बन गौतम की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रधान आरक्षक 552 यज्ञदत्त ठाकुर, आरक्षक 36 मोहन कोकिला, आरक्षक 514 मनीष राजपूत एवं आरक्षक 310 मुकेश यादव की विशेष सराहनीय भूमिका रही।




















