Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद: चुगली पर 5 हजार का जुर्माना, मेढ़की गांव ने भाईचारा बचाने के लिए लिया अनोखा फैसला

बालोद। अक्सर गांवों में छोटी-छोटी बातों को लेकर आपसी विवाद बढ़ जाते हैं, लेकिन बालोद जिले के ग्राम मेढ़की ने इसे रोकने के लिए एक अनोखी पहल की है। गांव में एक-दूसरे को भड़काकर लड़ाने और चुगली करने वालों पर अब सीधा आर्थिक वार होगा।
गुरुवार सुबह 8 बजे आयोजित सामूहिक बैठक में मेढ़की के समस्त ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक या व्यक्तिगत रूप से एक की बात दूसरे तक पहुंचाकर विवाद पैदा करने की कोशिश करेगा, तो उस पर 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
ग्रामीणों का मानना है कि चुगली और भड़काऊ प्रवृत्ति गांव के सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करती है। ऐसे में इस प्रवृत्ति पर सख्ती जरूरी है ताकि गांव में भाईचारा और आपसी सौहार्द कायम रहे।
भोज में शराब पीकर पहुंचे तो भी 5 हजार जुर्माना
बैठक में यह भी तय किया गया कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में यदि कोई व्यक्ति शराब का सेवन कर पहुंचेगा, तो उस पर भी 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि ऐसे आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने इस फैसले को सामूहिक समर्थन दिया।
5 साल पहले भी लिया था नशे के खिलाफ बड़ा फैसला
ग्राम मेढ़की पहले भी सामाजिक सुधार के लिए सख्त निर्णय ले चुका है। करीब पांच वर्ष पूर्व गांव में बढ़ते नशे के प्रचलन को रोकने के लिए ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक कर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए थे।
उस समय तय किया गया था कि गांव में शराब बेचने वालों पर 10 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। साथ ही शराब बेचने की सूचना देने वाले व्यक्ति को 1 हजार रुपये का पुरस्कार देने का भी प्रावधान रखा गया था।
इस पहल का असर यह हुआ कि गांव में नशे और उससे जुड़ी गाली-गलौज की घटनाओं में कमी आई और माहौल शांत हुआ।
भाईचारे की मिसाल बन रहा मेढ़की
अब चुगली और भड़काऊ प्रवृत्ति पर आर्थिक दंड का नया फैसला लेकर मेढ़की गांव फिर एक बार सामाजिक एकता की मिसाल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी को दंडित करना नहीं, बल्कि गांव में शांति, सौहार्द और पारिवारिक वातावरण को बनाए रखना है।
मेढ़की का यह अनोखा कदम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!