प्रदेश रूचि

मासूमियत का न्योता और स्नेह का उपहार, कलेक्टर ने अल्फिया को दिया वीआईपी पास

बालोद।संयुक्त जिला कार्यालय में बुधवार को एक बेहद भावुक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला, जब शिकारी पारा बालोद की 8 वर्षीय नन्हीं बालिका अल्फिया अपने माता-पिता के साथ कलेक्टर  दिव्या उमेश मिश्रा से मिलने पहुँची। अल्फिया ने अपने हाथों से तैयार किया हुआ आमंत्रण पत्र कलेक्टर को भेंट कर अपने आगामी जन्मदिन पर आयोजित ‘न्योता भोज’ में शामिल होने का आग्रह किया।

नन्हीं बालिका के मासूम उत्साह और सादगी भरे निमंत्रण ने कलेक्टर को भी भावुक कर दिया। कलेक्टर  मिश्रा ने अल्फिया का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए उसे जन्मदिन की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्ची के आत्मविश्वास और सृजनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के ऐसे सकारात्मक प्रयास उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।


इस आत्मीय मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने अल्फिया को एक विशेष उपहार भी दिया। उन्होंने जिले के नारागांव में 13 से 15 फरवरी तक आयोजित होने वाले ‘सियादेवी इको एडवेंचर फेस्ट’ में शामिल होने के लिए उसे ‘वीआईपी एंट्री पास’ प्रदान किया। इस उपहार से अल्फिया के चेहरे पर मुस्कान और भी खिल उठी।
उल्लेखनीय है कि अल्फिया के माता-पिता तन्वी खान एवं जमिल खान अपनी पुत्री के आठवें जन्मदिन के अवसर पर 13 फरवरी को माध्यमिक शाला ओरमा में ‘न्योता भोज’ का आयोजन कर रहे हैं। इसी सिलसिले में वे अपनी बेटी के साथ कलेक्टर को आमंत्रित करने संयुक्त जिला कार्यालय पहुँचे थे।

नन्हीं अल्फिया का यह मासूम प्रयास न केवल एक पारिवारिक आयोजन का निमंत्रण था, बल्कि यह प्रशासन और आमजन के बीच आत्मीय संबंधों की भी एक सुंदर मिसाल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!