रायपुर।छत्तीसगढ़ की पहचान को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती देने और विदेशों में बसे प्रदेशवासियों को राज्य के विकास से जोड़ने की दिशा में राजधानी रायपुर में 27 और 28 मार्च को “प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव” का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह दो दिवसीय आयोजन नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) तथा छत्तीसगढ़ एनआरआई एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
इस कॉन्क्लेव में विश्व के विभिन्न देशों में रह रहे छत्तीसगढ़ मूल के लोग शामिल होंगे। आयोजन के लिए पंजीयन प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश सरकार प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के अनुभव, विशेषज्ञता और निवेश को राज्य के विकास में सहभागी बनाने का प्रयास कर रही है।
कॉन्क्लेव के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसर, रोजगार सृजन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, पर्यटन विकास, उद्योग एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन होगा। साथ ही प्रवासी नागरिकों के वैश्विक अनुभवों और संसाधनों को प्रदेश की प्रगति से जोड़ने के ठोस रोडमैप पर भी चर्चा की जाएगी।
यह आयोजन प्रदेश और प्रवासी समाज के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ ही सहयोग के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। कॉन्क्लेव में उद्योग, शिक्षा, सामाजिक सेवा और उद्यमिता क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, निवेशकों और विशिष्ट अतिथियों की भागीदारी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन को राज्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में कार्यरत छत्तीसगढ़ी नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और निवेश के माध्यम से राज्य के औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास को नई दिशा दे सकते हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रवासी नागरिक प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं और छत्तीसगढ़ को वैश्विक पहचान दिलाने में योगदान दें।
यह कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होने की उम्मीद है।




















