प्रदेश रूचि

बोर्ड परीक्षा 2026 में सफलता के मंत्र : सही रणनीति, अभ्यास और आत्मविश्वास से तय होगी सफलता..विवेक ध्रुवे

बालोद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएँ वर्ष 2026 में विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होने जा रही हैं। कक्षा 12वीं की परीक्षा 20 फरवरी तथा कक्षा 10वीं की परीक्षा 21 फरवरी से प्रारंभ होगी। परीक्षा की तारीखें नजदीक आते ही विद्यार्थियों में तनाव और असमंजस की स्थिति देखी जा रही है। ऐसे समय में परीक्षा को लेकर सही दिशा और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक हो जाता है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ज/सांकरा, जिला बालोद में पदस्थ व्याख्याता (वाणिज्य) विवेक धुर्वे का मानना है कि बोर्ड परीक्षा केवल पाठ्यक्रम की परीक्षा नहीं होती, बल्कि यह विद्यार्थी की सोच, योजना, समय प्रबंधन, मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा होती है। यदि विद्यार्थी भय और दबाव से बाहर निकलकर योजनाबद्ध ढंग से तैयारी करें, तो अच्छे अंक प्राप्त करना कठिन नहीं है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर सबसे पहले विद्यार्थियों को डर की भावना से बाहर आना चाहिए। जो विद्यार्थी पूरे वर्ष नियमित अध्ययन करता रहा है, उसके असफल होने की संभावना नहीं के बराबर होती है। आत्मविश्वास ही वह आधार है, जिस पर सफलता की इमारत खड़ी होती है। स्वयं पर विश्वास रखने वाला विद्यार्थी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करता है।

परीक्षा से ठीक पहले नए अध्यायों का बोझ बढ़ाने के बजाय पहले से पढ़े हुए पाठों का गहन पुनरावर्तन अधिक लाभकारी सिद्ध होता है। इस दौरान परिभाषाओं, सूत्रों, तिथियों, चार्ट, तालिकाओं और आरेखों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। साथ ही मॉडल उत्तरों के अनुरूप उत्तर लेखन का अभ्यास करने से परीक्षा में उत्तर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

पढ़ाई की पद्धति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन पांच से छह घंटे की नियमित पढ़ाई करनी चाहिए। पढ़ते समय महत्वपूर्ण बिंदुओं को रेखांकित करना, उत्तर अपने शब्दों में लिखकर अभ्यास करना और सोने से पहले थोड़ी देर दोहराव करना याददाश्त को मजबूत करता है। कठिन विषयों का अध्ययन सुबह के समय करना अधिक उपयोगी होता है, जबकि सप्ताह में एक दिन स्वयं का मूल्यांकन अवश्य करना चाहिए।

याददाश्त को स्थायी बनाने के लिए पढ़ा हुआ विषय बोलकर और लिखकर अभ्यास करने की सलाह दी गई है। केवल रटने के बजाय मुख्य शब्दों को याद रखकर पूरे उत्तर को स्वयं गढ़ने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। तीन-तीन घंटे, तीन-तीन दिन और तीन सप्ताह के अंतराल पर किया गया पुनरावर्तन विषय को लंबे समय तक स्मृति में बनाए रखता है। विषयों को कहानी, उदाहरण और दैनिक जीवन से जोड़कर पढ़ने से समझ और याददाश्त दोनों मजबूत होती हैं। इसके साथ ही चार्ट, डायग्राम और टेबल का प्रयोग विषय को सरल बनाता है।

कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से कहा गया है कि वे पूरे पाठ को एक ही दिन में समाप्त करने का दबाव न लें। प्रतिदिन केवल दो-तीन मुख्य प्रश्नों की गहन तैयारी और उनका लिखित अभ्यास भी निरंतरता के साथ अच्छे अंक दिला सकता है।
पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करना बोर्ड परीक्षा की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कम से कम पांच वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने से परीक्षा पैटर्न स्पष्ट होता है, बार-बार पूछे जाने वाले प्रश्नों की पहचान होती है और समय प्रबंधन की क्षमता विकसित होती है।
उत्तर लेखन को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षा में अंक तभी मिलते हैं जब उत्तर साफ-सुथरी लिखावट में, बिंदुओं में, प्रश्न के अनुरूप और शीर्षक, उदाहरण तथा आरेखों के साथ प्रस्तुत किए जाएँ। उत्तर जितना स्पष्ट और व्यवस्थित होगा, परीक्षक पर उतना ही सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने कहा कि पहले आसान प्रश्नों को हल करना चाहिए, प्रत्येक प्रश्न के लिए समय निर्धारित रखना चाहिए और कठिन प्रश्नों को अंत में शांत मन से हल करना चाहिए।

स्वास्थ्य को भी परीक्षा तैयारी का अभिन्न हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों को पर्याप्त नींद लेने, हल्का व पौष्टिक भोजन करने तथा मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। उनका कहना है कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग स्मरण शक्ति को कमजोर करता है और एकाग्रता को प्रभावित करता है।

अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनका आत्मविश्वास बढ़ाएँ और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें। बच्चों पर विश्वास करना ही उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि बोर्ड परीक्षा में सफलता केवल मेधावी विद्यार्थियों के लिए नहीं होती, बल्कि हर उस विद्यार्थी के लिए होती है जो नियमित अभ्यास, सही तकनीक, आत्मविश्वास और धैर्य के साथ परीक्षा में बैठता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!