Skip to main content

प्रदेश रूचि

अर्जुनी क्षेत्र में नशे के सौदागरों पर पुलिस का करारा वार, बड़ी मात्रा में गांजा जब्त,दो तस्कर गिरफ्त में

धमतरी पुलिस का नशे के कारोबार पर करारा वार, 12.538 किलो गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे
धमतरी जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार सख्त होता जा रहा है। इसी कड़ी में धमतरी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अर्जुनी थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने 12.538 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर करीब 4.43 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमतरी–नगरी मार्ग पर ग्राम भोयना ग्राम पंचायत के पास मोटरसाइकिल से अवैध रूप से गांजा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी की और बताए गए स्थान पर सतर्कता से कार्रवाई की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोका गया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

इस मामले में थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 05/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी
पहला आरोपी तिलेश सिंह ठाकुर (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03, गोपीबंद, पंडरिया, थाना पंडरिया, जिला कोरबा है।
दूसरा आरोपी तरूणा सिंह राजपूत (26 वर्ष), निवासी सुभाष ब्लॉक, एसईसीएल कॉलोनी, थाना कोतवाली, जिला कोरबा बताया गया है।

जप्ती का ब्योरा
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.538 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत 1,25,380 रुपये), एक बजाज मोटरसाइकिल (कीमत 2,85,000 रुपये) और चार मोबाइल फोन (कीमत 33,500 रुपये) जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत 4,43,880 रुपये आंकी गई है।

धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से न सिर्फ तस्करों के हौसले पस्त होंगे, बल्कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक भी पुलिस जल्द पहुंचेगी। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!