प्रदेश रूचि

दिल्ली में छत्तीसगढ़ भाजपा की सशक्त उपस्थिति, संगठनात्मक मजबूती पर हुआ मंथन

रायपुर/दिल्ली।छत्तीसगढ़ भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल की है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के नेतृत्व में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने साथी महामंत्री अखिलेश सोनी और नवीन मार्कंडेय के साथ दिल्ली प्रवास के दौरान नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।


इस अवसर पर प्रदेश नेतृत्व ने नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। बैठक के दौरान नितिन नवीन ने छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक कार्यों, जमीनी गतिविधियों और आगामी रणनीतियों की विस्तार से जानकारी ली। संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर सार्थक चर्चा हुई।


प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने छत्तीसगढ़ में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, हालिया अभियानों और कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ते जनसंपर्क की जानकारी साझा की। उनकी सक्रिय भूमिका और स्पष्ट प्रस्तुति ने यह संकेत दिया कि छत्तीसगढ़ भाजपा आने वाले समय में राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ रही है।


अपने दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा पदाधिकारियों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह और सरोज पांडेय से भी मुलाकात की। इन बैठकों में छत्तीसगढ़ में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनआधारित अभियानों और भविष्य की कार्ययोजनाओं से राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया गया।


कुल मिलाकर यह दिल्ली प्रवास छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, जिसमें यशवंत जैन की सक्रियता, समन्वय क्षमता और सकारात्मक भूमिका स्पष्ट रूप से सामने आई। यह दौरा प्रदेश संगठन को और अधिक सशक्त करने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!