प्रदेश रूचि

कलेक्टर ने धान खरीदी की तहसीलवार समीक्षा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

बालोद।दिव्या उमेश मिश्रा ने बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में तहसीलवार समीक्षा बैठक ली। बैठक का उद्देश्य 31 जनवरी तक चलने वाली धान खरीदी को शेष 20 दिनों में पूरी क्षमता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना रहा।

समीक्षा बैठक में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी और धान उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधक शामिल हुए। कलेक्टर ने सभी तहसीलों में अब तक हुई धान खरीदी, निर्धारित लक्ष्य, पंजीकृत किसानों की संख्या, औसत उत्पादन और रकबा समर्पण की बारीकी से समीक्षा की।

कलेक्टर ने रकबा समर्पण को धान खरीदी प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए इस कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धान उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधकों, निगरानी दल में शामिल कृषि विस्तार अधिकारियों, पटवारियों एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी को बेहतर कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि रकबा समर्पण में पारदर्शिता और सटीकता से ही किसानों को समय पर लाभ मिल सकता है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित रकबा के आधार पर पहले टोकन के बाद दूसरे टोकन पर किसानों के पास उपलब्ध धान का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। इसी प्रकार तीसरे टोकन की स्थिति में भौतिक सत्यापन के बाद ही धान की खरीदी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शेष 20 दिनों में जिले के प्रत्येक पात्र किसान का धान खरीदा जाना प्राथमिक लक्ष्य है।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि रकबा समर्पण और धान खरीदी में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को साप्ताहिक समीक्षा बैठकों में नियमित रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जिले में अब तक धान खरीदी के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, सहकारी संस्थाओं के उप पंजीयक आर.पी. राठिया, कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चंद्राकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!